Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 फरवरी । स्वस्थ जीवनशैली एवं मानसिक शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में विशाल 108 सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 500 विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी एक साथ 108 सूर्य नमस्कार कर अनुशासन, समर्पण एवं योग के प्रति जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर पूर्णतः योगमय वातावरण में परिवर्तित हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत “ध्येय सदा सवितृ मंडल मध्यवर्ती” मंत्रोच्चारण के साथ की गई। सूर्य नमस्कार के 12 मंत्रों के साथ प्रत्येक मंत्र पर एक-एक सूर्य नमस्कार किया गया तथा कुल 12 मंत्रों के 9 आवर्तन पूर्ण किए गए। पृष्ठभूमि में चल रहे ध्यान साधना के शांतिमय संगीत ने वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में पूर्ण एकाग्रता और उत्साह के साथ 108 सूर्य नमस्कार सफलतापूर्वक संपन्न किए। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 9 एवं 11 तक के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। सूर्य नमस्कार का समापन “आदित्यस्य नमस्कारान् ये कुर्वन्ति दिने दिने”… मंत्र के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जी. डी. पाटिल ने अपने संदेश में कहा— “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। सूर्य नमस्कार विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता,आत्मविश्वास, बल और सकारात्मक सोच का विकास करता है। इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” हमारा विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए वर्ष भर ऐसे शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं योगात्मक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहता है। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि सूर्यनमस्कार एक संस्कार है, और कम समय में अपने आपको स्वस्थ रखने के लिए भारतीय संस्कृति की धरोहर है। 12 सूर्यनमस्कार में सारे आसनों को करने का लाभ मिलता है। उन्होंने 108 सूर्यनमस्कार करने वाले छात्रों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page