
हाथरस 11 फरवरी । आज विधानसभा में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट प्रस्तुत करते हुए जनपद हाथरस की तहसील सिकंदराराऊ निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना के दो मुक्तक सदन में सुनाए। वित्त मंत्री द्वारा सदन में उनकी रचनाओं का उल्लेख किया जाना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
वित्त मंत्री ने पहला मुक्तक सुनाया—
“बात अनमोल बहुत है ये ये जिंदगी के लिए,
बता रहा हूं फलसफा मैं हर किसी के लिए,
पौंछ सकते हो तो दुखियों के पौंछ लो आंसू,
न जियें आप फकत अपनी ही खुशी के लिए।”
इसके बाद उन्होंने दूसरा मुक्तक प्रस्तुत किया—
“बड़ी मुश्किल से कोई सुबह मुस्कुराती है,
ग़म की हर शाम दबे पांव चली आती है,
वक्त लगता ही नहीं जिंदगी बदलने में,
पर बदलने में वक्त जिंदगी लग जाती है।”
सदन में इन मुक्तकों की प्रस्तुति से साहित्य और जनपद का नाम एक साथ रोशन हुआ। जनपदवासियों ने इसे गौरव का क्षण बताया है।