Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 फरवरी । सीडीओ पीएन दीक्षित ने बुधवार को विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता संतोष कुमार और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता ललित कुमार शर्मा अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित पाए जाने पर सीडीओ ने दोनों अधिकारियों का बुधवार का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी सुरेश चंद्र निरीक्षण के दौरान उपस्थित मिले। कनिष्ठ सहायक दिया दीक्षित चिकित्सा अवकाश पर बताई गईं। निरीक्षण में सीडीओ ने पाया कि खंड विकास अधिकारी के अतिरिक्त किसी भी पटल सहायक की मेज पर नेमप्लेट नहीं लगी थी। उन्होंने सभी कर्मचारियों के लिए नेमप्लेट बनवाकर कार्यालय में व्यवस्थित रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को सही जानकारी मिल सके। लेखाकार का प्रभार देख रहे प्रधान सहायक सुरेशचंद्र आजाद की अलमारी की जांच में अभिलेख बेतरतीब ढंग से रखे मिले। अलमारी पर फाइलों व अभिलेखों की कोई नंबरिंग नहीं थी, जिससे आवश्यक फाइल ढूंढना कठिन हो रहा था। सीडीओ ने फाइल रजिस्टर व पत्रावली रजिस्टर के अनुसार अलमारी में फाइलों की क्रमवार नंबरिंग करने और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। परिसर के निरीक्षण के दौरान एक कटा हुआ पेड़ पड़ा मिला, जिसके नियमानुसार नीलामी कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विकास खंड परिसर में लगी पानी की टंकी की टोंटी से पानी फैलता पाया गया, जिस पर जल प्रबंधन की समुचित व्यवस्था कराने को कहा गया। सीडीओ ने एनआरएलएम के अंतर्गत टेलरिंग का कार्य कर रही महिला समूहों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विकास खंड स्तर पर उनके लिए एक वर्कशॉप बनाए जाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में सीडीओ पीएन दीक्षित ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यों को नियमानुसार और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page