
सादाबाद 11 फरवरी । भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की हत्या के मामले में मुकदमा पत्नी निधि ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। निधि ने अपने पौने दो साल के बच्चे रुद्र के साथ मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। घटना 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे आगरा अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई थी। अखिलेश कुमार, जो आगरा में सेना की ईएमई बटालियन में ड्राइवर के पद पर तैनात थे, हाथरस न्यायालय से तारीख कर आगरा लौट रहे थे, तभी उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अखिलेश की हत्या प्रेम विवाह के संबंध को लेकर उनकी पत्नी के रिश्तेदारों ने की थी। मृतक जवान की बहन डॉली ने सादाबाद कोतवाली में 10 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मृतक की पत्नी निधि ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि उनके पति को 10 गोलियां मारी गई थीं, जबकि पुलिस और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में केवल चार गोलियों का जिक्र है। उन्होंने पुलिस और पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों पर भी सवाल उठाए हैं। मृतक के पिता और अन्य रिश्तेदारों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपियों के पूरे परिवार को, यहां तक कि उनके पशुओं को भी भागने का अवसर दिया। इन आरोपों के बाद, हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सादाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार, एक दरोगा और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
















