Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 फरवरी । मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनांतर्गत समस्त जिला समन्वयक/शाखा प्रबंधकों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करना है। जिलाधिकारी ने बैठक में बैंकों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पाया कि कुछ बैंकों की प्रगति संतोषजनक नहीं है एवं अनावश्यक रूप से आवेदन निरस्त किए जा रहे हैं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जिन बैंकों का प्रदर्शन लगातार कमजोर है, उनके विरुद्ध उच्चाधिकारियों से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए, ताकि योजना के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से आवेदन कराकर जनपद के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण हेतु प्रतिनिधि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एल0डी0एम0) एवं उपायुक्त उद्योग को बैंकवार टीम गठित कर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए। अधिक संख्या में निरस्त आवेदनों पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि निरस्त किए गए आवेदनों की जांच कर कारण सहित विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन बैंकों द्वारा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती जा रही है, उनका उत्तरदायित्व निर्धारित कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने उपस्थित समस्त बैंक प्रतिनिधियों को कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजना का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा जनपद की समस्त बैंक शाखओं को निर्देशित किया गया कि आगामी 7 दिन के अंदर प्रत्येक ब्रांच दो आवेदनों पर ऋण वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी एवं प्रत्येक सप्ताह दो आवेदनों पर निरंतर ऋण वितरण कार्रवाई लक्ष्य पूर्ति होने तक करती रहेगी| बैठक के दौरान  मुख्य विकास अधिकारी,उपायुक्त उद्योग, प्रतिनिधि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एल0डी0एम0), जिला समन्वयक,  समस्त बैंक शाखा प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page