Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 फरवरी । कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन कार्यक्रम फेज-2 एवं फेज-3 के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पेयजल योजनाओं के निर्माण, अनुश्रवण एवं रख-रखाव कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अवशेष एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित ग्रामीण पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देशित किया कि पर्याप्त संख्या में श्रमिक, मशीनरी एवं संसाधन तैनात कर कार्यों की गति तेज की जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने योजनाओं के अनुश्रवण एवं रख-रखाव की प्रभावी मॉनिटरिंग, फील्ड स्तर पर भौतिक सत्यापन तथा पाइपलाइन बिछाने, ओवरहेड टैंक निर्माण, हाउस कनेक्शन, पंप हाउस एवं अन्य संरचनात्मक कार्यों में मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां ट्रायल रन कराकर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए गए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है, वहां तत्काल मरम्मत कर सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। कार्य में अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए प्रत्येक ग्राम में “हर घर नल से जल” आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), सहायक अभियंता जल निगम (ग्रामीण), जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page