
सादाबाद 10 फरवरी । थाना सादाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आगरा–अलीगढ़ रोड पर चन्द्रा फार्म हाउस के पास 5 फरवरी 2026 को हुई सनसनीखेज गोली मारकर हत्या की घटना को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस पहले ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं शेष फरार, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सादाबाद में पंजीकृत मुकदमा संख्या 51/26, धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 351(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत फरार चल रहे आठ अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इन वांछित अभियुक्तों में रमेश, जगवीर, अंकित, केके पंडित उर्फ कमलकांत गौतम, भोला उर्फ भोलू, विक्रम उर्फ विक्की, गब्बर तथा हेमंत शामिल हैं, जो सभी थाना सादाबाद क्षेत्र के समदपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

















