
हाथरस 10 फरवरी । आधार कार्ड आज हर भारतीय की सबसे अहम पहचान बन चुका है। सरकारी योजनाओं से लेकर बैंक खाता खोलने, मोबाइल सिम लेने और ऑनलाइन सेवाओं तक में आधार अनिवार्य है। ऐसे में यदि आधार कार्ड कहीं खो जाए या खराब हो जाए, तो परेशानी होना स्वाभाविक है। लेकिन अब चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार को दोबारा प्राप्त करने की आसान सुविधा उपलब्ध करा दी है। UIDAI के माध्यम से आधारधारक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से नया आधार प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर, एनरोलमेंट आईडी, वर्चुअल आईडी या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ई-मेल की आवश्यकता पड़ सकती है। UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधारधारक e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं या फिर नया PVC आधार कार्ड ऑर्डर कर सकते हैं। PVC आधार एक प्लास्टिक कार्ड होता है, जो डेबिट या क्रेडिट कार्ड की तरह मजबूत और टिकाऊ होता है। यह पारंपरिक कागज वाले आधार कार्ड से अधिक सुरक्षित है और पहचान व पते के प्रमाण के रूप में पूरी तरह मान्य है। वहीं e-Aadhaar आधार का डिजिटल स्वरूप है, जो हर जगह फिजिकल आधार की तरह ही वैध माना जाता है। e-Aadhaar डाउनलोड करने के लिए UIDAI की myAadhaar वेबसाइट पर जाकर आधार नंबर दर्ज करना होता है। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से सत्यापन के बाद पासवर्ड प्रोटेक्टेड PDF फॉर्मेट में e-Aadhaar डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा mAadhaar मोबाइल ऐप के जरिए भी आधारधारक आसानी से e-Aadhaar डाउनलोड कर तुरंत उपयोग कर सकते हैं। इस तरह आधार खोने या खराब होने की स्थिति में अब घर बैठे ही नया आधार पाना बेहद आसान हो गया है।