
हाथरस 10 फरवरी । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम अखईपुर में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरिया भी बरामद किया है। इससे पूर्व इस हत्याकांड में शामिल दो अभियुक्तों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना 2 फरवरी 2026 की है, जब अखईपुर निवासी संजय उर्फ सन्जू पर गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी, सरिया और तमंचे से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल संजय को पहले जिला अस्पताल और बाद में अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर थाना हाथरस जंक्शन में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर लगातार की जा रही कार्रवाई के क्रम में आज पुलिस ने फरार चल रहे नामजद अभियुक्त सोमदत्त उर्फ राजू शर्मा को दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक सरिया बरामद की गई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

















