
हाथरस 10 फरवरी । जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में आगामी शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र में ढाबों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया गया। कासगंज रोड पर स्थित फौजी ढाबा, जय श्री श्याम ढाबा, सोरोजी ढाबा, श्री सोरों जी ढाबा, एसआर ढाबा, जय गंगा मैया ढाबा तथा न्यू स्टार होटल एंड रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां संचालकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने, रेट लिस्ट लगाने, प्रतिष्ठान के आसपास रोशनी की उचित व्यवस्था रखने और वाहनों की पार्किंग सड़क से दूर कराने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















