
हाथरस 10 फरवरी । हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज की मांग, मारपीट, शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 22 जनवरी 2024 को अलीगढ़ जिले के टप्पल कोतवाली क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। उसका पति भारतीय नौसेना (नेवी) में कार्यरत है। शादी में ससुराल पक्ष की मांग पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद अतिरिक्त दहेज में एक कार की मांग करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा, जबकि ससुर, चचिया ससुर, चचिया सास और ननद उसे मायके से कार मंगवाने का दबाव बनाते थे। जब उसने इस उत्पीड़न की जानकारी अपने मायके वालों को दी, तो उसके भाई परिजनों के साथ ससुराल पहुंचे और समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वाले अपनी मांग पर अड़े रहे।
इसी दौरान विवाहिता गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति ने उसके पेट में लात मारी, जिससे 6 अक्टूबर 2024 को उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता का कहना है कि 18 अगस्त 2025 को जब उसका पति छुट्टी पर गांव आया, तो ससुरालियों के बहकावे में आकर उसने रोजाना मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के शादी से पहले से ही अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे और वह अधिकांश समय उन्हीं के साथ रहता था। 19 अगस्त 2025 को ससुरालियों ने उसके साथ फिर मारपीट की। आरोप है कि पति महावीर सिंह ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया और मायके से मिले सभी जेवर छीन लिए। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और टप्पल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता को ससुराल से मुक्त कराकर उसके मायके भेज दिया। फिलहाल वह मायके में रह रही है। महिला थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है।

















