
हाथरस 10 फरवरी । सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य, भावनात्मक एवं प्रेरणादायक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देना तथा उनके विद्यालय जीवन की मधुर स्मृतियों को यादगार बनाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, हवन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के मंगलमय भविष्य की कामना की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य, गीत, रैंप वॉक, म्यूजिकल चेयर, प्रश्नोत्तरी एवं हास्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और उत्साह से भर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जी. डी. पाटिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन के इस नए चरण में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। विद्यालय में सीखे गए संस्कार और मूल्य ही आपको जीवन में सच्ची सफलता दिलाएंगे। उन्होंने निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया। समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र अदिति अग्रवाल, प्रियांशी दीक्षित, प्रबल गौतम, गौरांशी भारद्वाज एवं आदित्य शर्मा द्वारा ज्ञान, कौशल, जिम्मेदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सफलता और उत्कृष्टता की प्रतीकात्मक जलती मशाल कक्षा 11वीं की प्रतिनिधि छात्राएं वैष्णवी वाष्र्णेय, अंशिका अग्रवाल, सार्थक वाष्र्णेय को सौंपी गई। यह मशाल परंपरा, उत्तरदायित्व और निरंतरता का प्रतीक बनी।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। साथ ही विभिन्न खेलों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से मिस्टर फेयरवेल – आकाश सिसोदिया, मिस फेयरवेल – मोहिनी अग्रवाल, मिस्टर सीनियर – आदित्य शर्मा, मिस सीनियर – श्रेष्ठा शर्मा, मिस्टर ईव – मयंक पोनिया,
मिस ईव – गौरांशी भारद्वाज का चयन किया गया, जिससे समारोह में और अधिक उत्साह का संचार हुआ। विद्यालय की भौतिकी विभाग प्रमुख एवं सीनियर कोऑर्डिनेटर श्रीमती कल्पना पाटिल के कुशल मार्गदर्शन में दीपांशी मित्तल एवं श्रद्धा भारद्वाज का आयोजन में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समन्वयन वंशिका शर्मा, कनिका सिंह, देवयानी सिंह एवं तान्या उधानिया द्वारा किया गया। समारोह का समापन समूह फोटोग्राफी, आतिशबाजी एवं विशेष भोज के साथ हुआ। यह विदाई समारोह न केवल भावनाओं से परिपूर्ण रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए नई जीवन यात्रा की प्रेरणा भी बना। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के सफल, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।