
हाथरस 10 फरवरी । विश्व में सुरक्षित इंटरनेट दिवस प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग के प्रति आमजन, विशेषकर बच्चों और युवाओं को जागरूक करना है। वर्ष 2026 में सुरक्षित इंटरनेट दिवस की थीम “Smart Tech, Safe Choices – Exploring the Safe and Responsible Use of AI” रही। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद हाथरस के कलेक्ट्रेट सभागार में सुरक्षित और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग को लेकर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित, नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा। कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री आलोक माहेश्वरी (एनआईसी) ने सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई आधारित सेवाओं के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मजबूत और यूनिक पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट और एप के माध्यम से ही सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग सुविधा और विकास के लिए होना चाहिए, न कि भ्रामक सूचना या साइबर धोखाधड़ी के लिए। साथ ही उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का मंत्र देते हुए कहा— “सोचें, जांचें और तभी क्लिक करें।”
साइबर सेल से इंस्पेक्टर आशीष कुमार सिंह ने साइबर अपराध की बदलती प्रवृत्तियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ठग लालच, डर और अज्ञानता का फायदा उठाते हैं। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की। बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक श्री वरुण कुमार सिंह ने डिजिटल बैंकिंग से जुड़े साइबर अपराधों पर जानकारी देते हुए कहा कि ओटीपी साझा करना, फर्जी कॉल और फिशिंग लिंक ठगी के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने की सलाह दी। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री मनोज उपाध्याय ने नागरिकों से सरकारी ऑनलाइन सेवाओं का सीधे पोर्टल के माध्यम से उपयोग करने और बिचौलियों से बचने का आग्रह किया। वहीं हाथरस पुलिस से ललित कुमार ने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में “Smart Tech, Safe Choices” के संदेश के साथ सुरक्षित, जागरूक और सशक्त डिजिटल समाज के निर्माण के लिए सभी से सहयोग की अपील की गई।

















