Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 फरवरी । हाथरस जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण स्तर में सुधार और कृमि संक्रमण से बचाव के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर संविलियन विद्यालय हतीसा भगवन्तपुर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी अतुल वत्स ने फीता काटकर किया और बच्चों को स्वयं एल्बेन्डाजोल की दवा खिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की। जिलाधिकारी ने बच्चों में कृमि संक्रमण के दुष्परिणामों जैसे कुपोषण, एनीमिया, कमजोरी, थकान, पेट दर्द और एकाग्रता में कमी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरियों को दवा देकर उन्हें संक्रमण से सुरक्षित रखना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से कृमि नाशक दवा खिलाएं और स्वच्छता की आदतें विकसित करें। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को एल्बेन्डाजोल की दवा निःशुल्क वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को दवा से छूटे बच्चों को 13 फरवरी को मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी। एक वर्ष से दो वर्ष के बच्चों को दवा की आधी गोली और दो वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में एनीमिया कम करना, पोषण स्तर और शारीरिक वृद्धि बढ़ाना, मानसिक विकास को सशक्त करना और स्कूल में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page