
हाथरस 09 फरवरी । सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से सात दिवसीय योग सप्ताह का भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। योग सप्ताह के दौरान विद्यालय परिसर पूर्णतः योगमय वातावरण से ओत-प्रोत रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान ताड़ासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, सर्वांगासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उनसे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई। प्रतिदिन योग सत्र का समापन शांति पाठ के साथ किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. जी. डी. पाटिल ने योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया, वहीं विद्यालय सचिव गौरांग सेकसरिया ने सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार को बधाई दी। स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के अंतर्गत पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में आयोजित इस योग सप्ताह को अत्यंत सफल बनाने में शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

















