Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी हाथरस श्री अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्ग सिकन्द्राराऊ–हाथरस रोड का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ, क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ, थाना हसायन व हाथरस जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगला रति, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास, मैण्डू आदि प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, कांवड़ियों को सतर्कता के साथ जत्थों में रवाना कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचएआई को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पैचिंग कार्य, निर्माणाधीन स्थलों पर रोड सेफ्टी साइनेज लगाने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, संकरी सड़कों को चौड़ा करने, फुटपाथ निर्माण, रिफ्लेक्टर व बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के लिए मार्ग में कैंप लगाकर विद्युत, पेयजल, स्वल्पाहार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। पुलिस अधीक्षक हाथरस ने मुख्य चौराहों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों व मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने तथा बरेली–कासगंज–मथुरा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जगह-जगह बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच की जाएगी और कांवड़ियों को हर संभव सुविधा व सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page