Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 फरवरी । हाथरस रोड पर गुरुवार को सेना के जवान अखिलेश कुमार की हत्या कर दी गई थी। अब उनकी पत्नी निधि कुमारी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपने पति के लिए न्याय की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब जवान अखिलेश हाथरस न्यायालय से एक मुकदमे की तारीख से लौट रहे थे। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्नी देवी कोल्ड स्टोर के सामने चंद्रा फार्म हाउस के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। निधि कुमारी ने वीडियो में बताया कि उनके पति 509 आर्मी बेस वर्कशॉप में कार्यरत थे। उन्होंने प्रेम विवाह किया था, जिससे उनका परिवार और माता-पिता खुश थे। निधि ने मुख्य आरोपी विक्रम पर आरोप लगाया कि उसने एक साल पहले उनके पति के खिलाफ मारपीट का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था, जबकि उनके पति ने कोई मारपीट नहीं की थी। निधि के अनुसार, उनके पति इसी मुकदमे की अंतिम तारीख पर आगरा गए थे। वापसी में आरोपी कोर्ट से ही उनका पीछा कर रहे थे। कोर्ट के बाहर दो लोग और गाड़ी के पास दो अन्य लोग खड़े थे। हमलावरों ने अखिलेश को 10 गोलियां मारीं। निधि ने दुख व्यक्त किया कि लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी उन्हें अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं की। निधि ने सवाल उठाया कि क्या एक फौजी को इंसाफ नहीं मिलेगा और सभी से न्याय दिलाने की विनती की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page