
हाथरस 09 फरवरी । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में तथा प्रभारी जनपद न्यायाधीश महेंद्र श्रीवास्तव के आदेशानुसार आज न्यायालय आधारित प्रदत्त विधिक सेवाओं एवं विधिक सहायता मामलों की प्रगति के संबंध में मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक समिति के अध्यक्ष अपर जनपद न्यायाधीश महेंद्र श्रीवास्तव, समिति की सदस्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी तथा पैनल अधिवक्ता तेज प्रकाश राणा की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल को उपलब्ध कराए गए मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। काउंसिल को सौंपे गए मामलों में की गई कार्यवाही का अवलोकन करते हुए विधिक सहायता को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चौधरी द्वारा समस्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल को दिनांक 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले “मेगा/बृहद विधिक साक्षरता शिविर” की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उक्त मेगा शिविर डी.आर.बी. इंटर कॉलेज, हाथरस में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के समस्त विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन को विधिक लाभ एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं।

















