
हाथरस 09 फरवरी । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के दिशा-निर्देशन में करियर काउंसलिंग समिति के तत्वावधान में स्टार्टअप पहल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं से उद्यमिता एवं नवाचार से जुड़े विचार आमंत्रित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार के अवसर तलाशने तथा उनके नवीन व्यवसायिक विचारों को एक प्रभावी मंच प्रदान करना रहा। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के ऑनलाइन विपणन तथा फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी योजनाएं विशेष रूप से सराही गईं। छात्राओं से प्राप्त रचनात्मक एवं व्यावहारिक सुझावों को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा शीघ्र ही स्टार्टअप प्रारंभ किए जाने की योजना बनाई जा रही है।कार्यक्रम को सफल बनाने में करियर काउंसलिंग समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. अंजू आर्य (प्रभारी, करियर काउंसलिंग समिति), डॉ. अमृता सिंह, डॉ. प्रियंका सरोज, डॉ. वार्षिका गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा किया गया।

















