Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 फरवरी । यूपी सिडको के चेयरमैन वाईपी सिंह को बागला जिला अस्पताल के परिसर में 18 करोड़ रुपये से बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण में लापरवाही मिली। यहां न तो ठेकेदार मिले, न कंपनी का कोई सिविल इंजीनियर। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया है। तकनीकी खामियों को सही कराने के भी निर्देश दिए। चेयरमैन का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले 16 फरवरी 2025 को भी वे क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण करने आए थे। तय समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। मई 2025 तक निर्माण पूरा होना था, लेकिन यहां अभी तक 68 फीसदी काम ही हुआ है।

बता दें कि अक्तूबर 2025 से बजट के अभाव में इसका काम बंद है। इस प्रोजेक्ट को शासन से केवल 8.87 करोड़ रुपये ही मिले थे। 22 जनवरी के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। प्रशासनिक पत्राचार व मामला सुर्खियों में आने के बाद इस सप्ताह यूपी सिडको के खाते में अगली किस्त के 6.20 करोड़ रुपये आए हैं, जिसके बाद काम शुरू कर दिया गया है। अब तक अस्पताल को 15 करोड़ रुपये मिले हैं, तीन करोड़ का भुगतान शेष है। यूपी सिडको के एक्सईएन संजय गंगवार ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस दिया जा रहा है। यहां तैनात इंजीनियर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं, इसलिए वे मौजूद नहीं थे। ठेकेदार को दूसरे इंजीनियर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं। यदि शेष किस्त के तीन करोड़ रुपये भी समय से मिल जाते हैं तो काम तेजी से पूरा होगा। शासन से छह माह का समय मांगा गया है। निरीक्षण में सीएमएस डाॅ. सूर्यप्रकाश मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page