
हाथरस 08 फरवरी । हाथरस के मुरसान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उससे अतिरिक्त ₹5 लाख दहेज की मांग की और मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2022 को अलवर, राजस्थान के एक युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। उसके परिजनों ने शादी में एक मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये नकद, बेड, अलमारी, सोफा, बर्तन, कीमती कपड़े और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। शादी में लगभग ₹10 लाख खर्च हुए थे। महिला का आरोप है कि शादी में दिए गए दान और उपहार से उसके पति, ससुर, सास, जेठ और ननद सुनीता खुश नहीं थे। उन्होंने उससे अतिरिक्त ₹5 लाख दहेज की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे दो-दो दिन तक खाना नहीं दिया गया, कमरे में बंद कर रखा गया और भूख के कारण बीमार होने पर इलाज भी नहीं कराया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेठ सुनील ने उस पर बुरी नजर रखी और कहा कि उसे उनके लिए रहना पड़ेगा। जेठ ने उसके साथ अश्लीलता की। जब उसने इसकी शिकायत ससुराल वालों से की, तो वे उसे 29 फरवरी 2023 को एक गाड़ी में बिठाकर उसके गांव के बाहर छोड़ गए। ससुराल वालों ने उसे धमकी दी कि जब तक वह ₹5 लाख दहेज में नहीं दिलाती, तब तक उसे घर में नहीं रखेंगे। उन्होंने जान से मारने और उसके पति की दूसरी शादी कराने की भी धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

















