
हाथरस 08 फरवरी । निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपनी वार्षिक पत्रिका “संस्करण–5” का भव्य विमोचन समारोह आज टालिवाल धर्मशाला में अत्यंत हर्ष, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान द्वारा वर्ष भर किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों को समाज के समक्ष सरल, प्रभावी एवं प्रेरणादायक रूप में प्रस्तुत करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के संस्थापक श्री विष्णु अग्रवाल जी, मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) हर्ष अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा द्वारा भगवान श्रीराम जी की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके उपरांत वार्षिक पत्रिका “संस्करण–5” का विधिवत विमोचन किया गया। वार्षिक पत्रिका “संस्करण–5” में निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा पूरे वर्ष किए गए विभिन्न सेवा कार्यों का तथ्यपूर्ण एवं प्रेरक विवरण प्रस्तुत किया गया है। इसमें रोटी बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन वितरण, मूक पशुओं की सेवा, रक्तदान शिविरों का आयोजन, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षिक सहयोग, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहायता, अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार सहित अनेक जनहितकारी गतिविधियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। पत्रिका का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा भावना, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
“निस्वार्थ सेवा एक विचार है, केवल संस्था नहीं” – सुनील अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल जी ने कहा कि निस्वार्थ सेवा संस्थान केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण की जीवंत सोच है, जिसका लक्ष्य समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका उसी संकल्प और विचारधारा का सशक्त प्रतिबिंब है।
संस्थान ने अपनी सेवा परंपरा का निर्वहन करते हुए एक जरूरतमंद एवं असहाय दिव्यांग बाबा को ट्राइसाइकिल प्रदान कर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय दिया, जिसकी उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर नगर के पत्रकार बंधुओं को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने निस्वार्थ सेवा संस्थान के निरंतर सेवा कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की। पत्रकारों ने पत्रिका को समाज के लिए उपयोगी, प्रेरणादायक एवं सकारात्मक संदेश देने वाली बताते हुए कहा कि जिस निष्ठा और समर्पण से संस्थान समाज के कमजोर वर्ग के लिए कार्य कर रहा है, वह अन्य सामाजिक संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत है। संस्थान के संस्थापक विष्णु अग्रवाल जी ने पत्रिका के संपादन मंडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि “संस्करण–5” केवल संस्थान की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम भी है। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग सहित ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, डॉ. रंगेश शर्मा, स्वदेश वार्ष्णेय, रितिक बंसल, टेकपाल कुशवाह, दीपांशु वार्ष्णेय, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सुलभ गर्ग, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, सुनील कुमार, मुकुंद मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















