हाथरस 06 फरवरी । भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश जनपद हाथरस के तत्वावधान में जिला मुख्य आयुक्त/जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश के मार्गदर्शन में गुरुवार से हाथरस, सासनी, सिकंदराऊ और सादाबाद तहसीलों में तृतीय सोपान शिविर का शुभारंभ किया गया। हाथरस तहसील का शिविर बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय की फाउंडेशन हेड शिल्पी अरोड़ा एवं जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन किया गया और विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विद्यालय के ऑडिटोरियम में दिखाया गया। ध्वजारोहण विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल रजनी गुप्ता एवं कार्यक्रम प्रभारी शशि शर्मा द्वारा किया गया। जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पांच दिवसीय शिविर है, जिसमें स्काउट-गाइड को पूर्व सोपान के परीक्षणों के साथ-साथ टेंट निर्माण, बिना बर्तन भोजन बनाना, साहसिक क्रियाकलाप, बंधन, गैजेट्स, प्राथमिक चिकित्सा सहित विभिन्न दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में शिविर व्यवस्थापक विद्या प्रतीक वर्तके, शिविर प्रशिक्षक/आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश कुमार गौतम, ट्रेनिंग काउंसलर जसराम सिंह (गाइड), कैप्टन रानी सहित माध्यमिक विद्यालयों एवं सीबीएसई बोर्ड के स्काउट-गाइड उपस्थित रहे।
















