Hamara Hathras

हाथरस 06 फरवरी । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के लहरा गांव निवासी सेना के 37 वर्षीय जवान उमेश कुमार का जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हार्ट अटैक से निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

स्वर्गीय उमेश कुमार, शांति स्वरूप के पुत्र थे। उनका निधन परसों रात हुआ था, जिसकी सूचना परिवार को अगले दिन सुबह मिली। सूचना मिलते ही परिवार के कुछ सदस्य जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए थे। उमेश कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बच्चियों को छोड़ गए हैं। जब तिरंगे में लिपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र के लोग उमड़ पड़े। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार से पूर्व उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस की टुकड़ी ने शोक शस्त्र की रस्म अदा करते हुए जवान को अंतिम सलामी दी। इस दौरान गांव में ‘भारत माता की जय’ और ‘उमेश कुमार अमर रहे’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। नम आंखों से लोगों ने देश के वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page