
हाथरस 05 फरवरी । हाथरस के नगला प्रेमा और लहरा गांवों में बुधवार शाम तेंदुए जैसे एक जंगली जानवर को देखे जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां किसी जानवर की मौजूदगी के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले। इसके बावजूद, पूरे क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। लहरा निवासी जीतू ने बताया कि उन्होंने एक जंगली जानवर को भागते हुए देखा था, जिसकी चाल और हरकतें तेंदुए जैसी लग रही थीं। इसी तरह, नगला प्रेमा निवासी संदीप कुमार ने भी ऐसे ही एक जानवर को देखने का दावा किया है। हाथरस वन विभाग के अनुसार, लहरा गांव में सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। फिलहाल किसी भी जानवर के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियातन लगातार निगरानी की जा रही है और गश्त बढ़ा दी गई है।इससे पहले, रविवार रात हाथरस गेट थाना क्षेत्र के विद्यानगर के पास जोगिया मार्ग पर खेतों में एक तेंदुए जैसे जंगली जानवर ने एक कुत्ते पर हमला कर दिया था। इस हमले में कुत्ता घायल हो गया था। घटनास्थल से जानवर के पगमार्क भी मिले थे। इस घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और कॉलोनियों में दहशत फैल गई थी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। खेतों में मिले पैरों के निशानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच की गई। इसके बाद ड्रोन से भी इलाके की लगातार निगरानी की गई, लेकिन कोई जंगली जानवर नजर नहीं आया। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बच्चों और पालतू जानवरों को खुले खेतों में अकेले न भेजने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा है। किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी है। लगातार मिल रही सूचनाओं को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और निगरानी जारी है।













