Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 05 फरवरी । थाना हसायन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा हसायन स्थित मोहल्ला अहीरान के उपडाकघर में तैनात एक ग्रामीण डाक कर्मचारी पर पी.ओ.एस. मशीन पर अंगूठा लगवाकर ₹10 हजार निकालने और राशि न देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता नीमा देवी पत्नी सत्यवीर दिवाकर, निवासी मोहल्ला किला खेड़ा, कस्बा हसायन ने बताया कि उसका खाता हसायन उपडाकघर में है। बृहस्पतिवार 29 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे वह प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त आने के बाद अपने खाते से ₹10 हजार निकालने उपडाकघर पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद एक डाक कर्मी ने पी.ओ.एस. मशीन पर अंगूठा लगवाकर यह कहकर लौटा दिया कि अभी पैसे नहीं निकल रहे हैं और थोड़ी देर बाद आने को कहा। पीड़िता के अनुसार, जब वह कुछ देर बाद दोबारा उपडाकघर पहुंची तो डाक कर्मी ने पैसे देने से इनकार कर दिया और कहा कि खाते से कोई राशि नहीं निकली है। महिला का आरोप है कि डाक कर्मी ने अंगूठा लगवाकर ₹10 हजार निकाल लिए, लेकिन उसे रकम नहीं दी।मामले को लेकर पीड़िता वार्ड संख्या तीन की महिला सभासद सुनीता दिवाकर के प्रतिनिधि के रूप में अपने पुत्र के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार उपडाकघर पहुंचे और संबंधित डाक कर्मचारी को कोतवाली बुलाकर दोनों पक्षों की बात सुनी। वहीं, उपडाकघर में कार्यरत डाक कर्मचारी सर्वेश कुमार ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि महिला कई बार अपने खाते से रुपये निकाल चुकी है और 29 जनवरी को भी ₹10 हजार की राशि निकालकर ले गई थी। उनका कहना है कि महिला बिना किसी कारण गलत आरोप लगा रही है। बताया गया कि पूछताछ के दौरान डाक कर्मी ने महिला को ₹5 हजार दे दिए, जिसके बाद वह मायूस नजर आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page