
हाथरस 05 फरवरी । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम अखईपुर में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक डंडा और एक लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 2 फरवरी को वादी धर्मेन्द्र कुमार पुत्र शीलेन्द्र पाल, निवासी ग्राम अखईपुर ने थाना हाथरस जंक्शन में लिखित तहरीर दी थी कि उसी दिन शाम लगभग 6:45 बजे उनका बेटा संजय उर्फ संजू गांव में भूपेन्द्र की चक्की से आटा लेने जा रहा था। इसी दौरान सौरव के घर के सामने गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी, सरिया व तमंचे से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे संजय के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल संजय को पहले बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान वरुण हॉस्पिटल, अलीगढ़ में उसकी मौत हो गई। मामले में थाना हाथरस जंक्शन पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में गठित पुलिस टीमों ने ग्राउंड व टेक्निकल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 5 फरवरी 2026 को नामजद अभियुक्त हरिओम पुत्र दीनानाथ एवं महेश पुत्र दीनानाथ, निवासी ग्राम अखईपुर को मिर्गामई कट, मथुरा-बरेली हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक संजय आए दिन शराब के नशे में उनके और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करता था। घटना वाले दिन भी संजय ने गाली देते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया, जिससे तंग आकर उन्होंने डंडे व लोहे के पाइप से मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मु0अ0सं0 27/26, धारा 190/191(2)/191(3)/103(1)/352/351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तार अभियुक्त हरिओम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर वर्ष 2014 में थाना क्वार्सी, अलीगढ़ में धारा 364 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष ललित कुमार शर्मा मय पुलिस टीम थाना हाथरस जंक्शन शामिल रही। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

















