Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 04 फरवरी । हसायन स्थित ओ एम बी इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उल्लास, भावनाओं और प्रेरणादायक संदेशों से भरपूर दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत, नृत्य एवं अपने अनुभव साझा कर विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं समग्र प्रदर्शन के आधार पर मिस्टर फेयरवेल का खिताब शुभ गुप्ता को तथा मिस फेयरवेल का खिताब खुशी चौधरी को प्रदान किया गया। दोनों विद्यार्थियों को यह सम्मान मिलने पर पूरे विद्यालय में हर्ष का वातावरण रहा।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक सेंगर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएँ जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं, परंतु इन्हें तनाव नहीं बल्कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और समय प्रबंधन का महत्व बताते हुए आगामी सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है और उन्हें विश्वास है कि सभी छात्र उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।विद्यालय के निदेशक सेठ ओम प्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी ही किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि ओ एम बी इंटरनेशनल स्कूल हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल देता रहा है और भविष्य में भी उन्हें नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अंक प्राप्त करने से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य न खोने की सीख दी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों की आँखें भावुक हो उठीं। समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page