
हाथरस 03 फरवरी । थाना हाथरस जंक्शन के अखईपुर गांव में एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया गया। सात आरोपितों ने युवक को लाठी-डंडों और सरिया से हमला किया, जिससे उसकी मंगलवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर सात लोगों पर हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
गांव अखईपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनका बेटा संजय उर्फ संजू दो फरवरी 2026 को शाम गांव में भूपेंद्र की चक्की से आटा लेने जा रहा था, तभी रास्ते में सौरव के घर के सामने गांव के ही सोमदत्त उर्फ राजू, शिवम उर्फ शिब्बू, हरिओम, महेश, विष्णु, गोपाल और गोविंद ने आकर लाठी, सरिया और तमंचे से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में संजय उर्फ संजू के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अलीगढ़ मेडिकल में चला, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने सातों आरोपितों के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
















