
हाथरस 03 फरवरी । थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम महौ में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के पर्यवेक्षण में थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिनांक 14.12.2025 को ग्राम महौ में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान फायरिंग करने वाले अभियुक्त को जलेसर रोड स्थित ग्राम बघराया चौराहे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा 315 बोर व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया है। अभियुक्त की पहचान बिजेन्द्र कुमार पुत्र हरेन्द्रपाल सिंह, निवासी ग्राम गढ़ी धारू, थाना हाथरस जंक्शन जनपद हाथरस के रूप में हुई है, जो शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में जेल जा चुका है। अभियुक्त के विरुद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास एवं लूट जैसी संगीन धाराओं में कई अभियोग पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना हाथरस जंक्शन पर मु0अ0सं0 376/25 धारा 191(2)/193(3)/190/109(1) बीएनएस, 7 सीएलए एक्ट व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा मय पुलिस टीम शामिल रही।
















