Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 02 फरवरी । कोतवाली क्षेत्र के शहवाजपुर गांव में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों ने इसके विरोध में बैठक आयोजित कर प्रदर्शन किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री के कारण आए दिन झगड़े-फसाद हो रहे हैं, जिससे गांव की शांति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शादी समारोहों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर लोग गाली-गलौज व मारपीट करते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने आपसी सहमति से 25 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति द्वारा पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर गांव में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने गांव में जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। अभियान के तहत समिति के सदस्य प्रतिदिन गांव के गली-मोहल्लों में निगरानी कर रहे हैं और अवैध शराब की बिक्री व सेवन करने वालों को चेतावनी दी जा रही है कि शराब पीकर गाली-गलौज या झगड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने गांव के पंचायत सचिवालय पर एकत्र होकर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और “शराब बंद करो” के नारे लगाए। इस प्रदर्शन में गांव के पूर्व प्रधान महीपाल सिंह, पूर्व उपनिरीक्षक चरन सिंह, पूर्व उपनिरीक्षक ठाकुरदास, जितेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, रमेश चंद्र, शैलेंद्र, सुबोध कुमार, महावीर सिंह, रामपाल सिंह, पोखपाल सिंह, केहरी सिंह, जागन सिंह, विजेंद्र सिंह, भगवान दास, दिनेश कुमार, जीतू, विवेक कुमार, केशव, डोरीलाल, किशनलाल और वीरेंद्र कुमार सहित समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page