
नई दिल्ली 01 फरवरी | क्रिकेट जगत में सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से खेलने से इनकार कर दिया है। यह मैच 15 फरवरी 2026 को खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तान सरकार के कड़े फैसले के बाद अब यह महामुकाबला खतरे में पड़ गया है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के कारण पाकिस्तान ने यह बड़ा कदम उठाया है। भारत-पाक मैच को विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जाता है, ऐसे में पाकिस्तान के इस फैसले ने क्रिकेट फैंस को निराश कर दिया है।
पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला
पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सरकार द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से भी इस फैसले की पुष्टि की गई है।
टूर्नामेंट से बाहर होने की धमकी
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश का समर्थन करने के लिए टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की धमकी दी थी। इस पर आईसीसी ने भी कड़ा रुख अपनाया था। बाद में नकवी ने कहा था कि विश्व कप में खेलने का अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार ही लेगी। अब सरकार के फैसले के बाद भारत-पाक मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। यदि पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है, तो यह विश्व क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ा और विवादास्पद घटनाक्रम साबित हो सकता है।
















