
हाथरस 01 फरवरी । नोएडा में सादाबाद के गुतहरा गांव निवासी बीपी सिंह (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। शनिवार रात नोएडा स्थित उनके किराए के मकान में यह घटना हुई। रविवार सुबह शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक बीपी सिंह पुत्र उदयवीर सिंह अपनी पत्नी रूपा के साथ नोएडा में रहकर नौकरी करते थे। उनके छोटे भाई प्रवीन कुमार ने कोतवाली में पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी है। बीपी सिंह की मौत के बाद उनकी पत्नी रूपा और साढू मोहित, जो नोएडा में ही नौकरी करते हैं, एंबुलेंस से शव को गांव गुतहरा लाए। रविवार सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच शव गांव पहुंचा। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां और भाई ने बीपी सिंह की पत्नी और साढू पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अमित पाठक ने बताया कि मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सीओ अमित पाठक के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला नोएडा क्षेत्र का है और यदि हत्या की पुष्टि होती है, तो आगे की कार्रवाई नोएडा पुलिस द्वारा की जाएगी।
















