Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 फरवरी । बिसावर प्रधान रेखा चौधरी ने उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर बिसावर स्थित अस्थायी गौशाला में गंभीर अनियमितताओं और आपराधिक गतिविधियों का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी की शाम को गौशाला में मारपीट और तोड़फोड़ हुई, जिसके बाद गोपालक भयभीत हैं और गौवंश दो दिनों से भूखे-प्यासे हैं। प्रधान के अनुसार, 29 जनवरी की शाम दघंटा, झरोठा, बिजना, नगला लोका, नगला उदय सिंह और कारब (बलदेव, मथुरा) के बताए जा रहे 20-25 असामाजिक तत्व गौशाला पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद गोपालकों के साथ मारपीट की, गौशाला का गेट तोड़ दिया और चौथ वसूली का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर कई किसान और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी भाग गए। इसके बाद नगला छत्ती और बिसावर के कुछ अन्य असामाजिक तत्वों ने भी गाली-गलौज और मारपीट की। इस घटना के संबंध में बिसावर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रधान ने फोन पर उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को भी सूचित किया था। रेखा चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा गोपालकों को धमकाया जा रहा है, जिससे वे भयभीत हैं और कोई भी गौपालक गौशाला में काम करने को तैयार नहीं है। इस कारण पिछले दो दिनों से गौशाला में कोई भी गोपालक नहीं गया है, और गौवंश भूखे-प्यासे हैं। प्रधान ने कहा कि इन परिस्थितियों में ग्राम पंचायत गौवंश के पालन-पोषण की व्यवस्था करने में असमर्थ है। प्रधान ने दोनों अधिकारियों से मांग की है कि गौशाला की व्यवस्था किसी सक्षम विभाग या व्यक्ति को सौंपकर तत्काल इसका संचालन सुनिश्चित किया जाए। उनका उद्देश्य गौवंश को भोजन-पानी उपलब्ध कराना और शांति व्यवस्था बहाल करना है। इस मामले में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने सचिव को दूसरे गोपालक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि गौशाला का संचालन बदस्तूर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page