
हाथरस 29 जनवरी । अवैध खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। चंदपा थाना क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई करने गए खनन निरीक्षक दिनेश मोदी और उनके चालक मुकेश यादव पर बुधवार देर रात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस दौरान दोनों घायल हो गए और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। खनन निरीक्षक दिनेश मोदी ने बताया कि रात करीब 11:15 बजे 7-8 लोगों ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। चालक मुकेश यादव के कंधे और शरीर पर चोटें आईं, जबकि खनन निरीक्षक मोदी पर भी पैर और शरीर पर वार किए गए। खतरे को भांपकर दिनेश मोदी पास के खेत में भाग गए। उन्होंने तुरंत चंदपा थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी। थोड़ी देर बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद मोदी ने पूरी जानकारी पुलिस को दी।हमलावरों ने जाते समय टीम को धमकी दी कि अगर वे दोबारा इस क्षेत्र में दिखाई दिए तो उन्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे। खनन निरीक्षक ने आरोप लगाया कि यह जान से मारने की कोशिश थी। पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।














