
हाथरस 29 जनवरी । तहसील सदर के सुलह अधिकारी गीता शंकर मिश्र ने आज शहर के आगरा रोड मीतई स्थित आवासीय वृद्ध आश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रम की प्रबंधक नीतू मिश्रा अवकाश पर होने के कारण अनुपस्थित रहीं, जबकि भंडार प्रभारी कोमल सिंह से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। भंडार प्रभारी ने बताया कि आश्रम में वर्तमान में 36 वृद्ध महिलाएं एवं 30 वृद्ध पुरुष निवासरत हैं। सभी को समय पर चाय, नाश्ता, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित रूप से ब्लड प्रेशर जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। प्रत्येक माह की 1 एवं 15 तारीख को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। किसी भी वृद्धजन के गंभीर बीमारी से ग्रसित होने की जानकारी नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान शौचालय, स्नानागार एवं साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। आश्रम में तीन गीजर एवं जनरेटर चालू अवस्था में मिले। शयन हाल व्यवस्थित पाया गया तथा बेड-बिस्तर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थे। सुलह अधिकारी ने वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उनके रहन-सहन, खानपान, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, जिस पर सभी वृद्धजन आश्रम द्वारा दी जा रही सेवाओं से संतुष्ट दिखाई दिए और किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। आश्रम में कुल 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें से 5 चालू एवं एक खराब पाया गया। गंदे कचरे के निस्तारण की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध पाई गई। संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों एवं निवासरत वृद्धजनों के पुलिस वेरिफिकेशन के संबंध में बताया गया कि कुछ नए कर्मचारियों का सत्यापन अभी लंबित है, जो ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण विलंबित है। इसके अतिरिक्त आश्रम में लगे ऑक्सीजन उपकरण भी चालू स्थिति में पाए गए।














