
हाथरस 28 जनवरी । भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने यूजीसी कानून के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खून से पत्र लिखकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए यूजीसी कानून को तत्काल समाप्त करने की मांग की। प्रदर्शन के समय “सवर्णों पर अत्याचार बंद करो” और “यूजीसी काला कानून वापस लो” जैसे नारे लगाए गए। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि यूजीसी कानून का सवर्ण समाज पूर्ण रूप से विरोध करता है और यह कानून छात्रों के बीच भेदभाव को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस कानून में तुरंत बदलाव किया जाए, क्योंकि वे किसी भी प्रकार का जातिगत भेदभाव नहीं चाहते। चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने मांगों पर विचार नहीं किया तो हाथरस जनपद का सवर्ण समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ठाकुर आशीष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव केके शर्मा प्रधान, संगठन मंत्री सतेंद्र कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष राम जादौन, जिलाध्यक्ष (छात्र मोर्चा) विशाल पोरस, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनू ठाकुर, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा रजत ठाकुर, अनिकेत वाल्मीकि, जगदीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















