
हाथरस 15 जनवरी । आज नगला अलगर्जी में बहुसंख्यक पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें जनपद हाथरस के विभिन्न समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के प्रचार-प्रसार, नारी उत्थान और समानता आधारित समाज के निर्माण पर जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिवचरन सूर्यवंशी और नवरत्न सिंह तुरेहा ने कहा कि डॉ. बाबा साहब अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया था। मुख्य वक्ताओं एड. राजपाल सिंह पुनिया, चौधरी मलखान सिंह, सुषमा सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक वास्तविक समानता और न्याय संभव नहीं है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण को समाज की प्रगति की रीढ़ बताया और महिलाओं को शिक्षा, सम्मान और समान अधिकार दिलाने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक एम.बी. सूर्यवंशी ने संविधान की रक्षा, सामाजिक एकता और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया। सम्मेलन को सफल बनाने में अनिल कुशवाह, टेकपाल कुशवाह, अमित कुशवाह, प्रेम कुमार, हरिओम वर्मा, विशाल वर्मा, रिंकू बघेल, पिन्टू खटीक, अर्जुन सिंह, रामराव अम्बेडकर सहित विभिन्न समाजों के लोगों का योगदान रहा। इस सम्मेलन को सामाजिक चेतना और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















