
हाथरस 14 जनवरी । हाथरस में लोहड़ी पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में पंजाबी समुदाय ने इस पारंपरिक त्योहार को धूमधाम से मनाया। अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा नानकदेव में शाम को विशेष आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोग एकत्रित हुए। गुरुद्वारे में मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरपाल सिंह जी ने लोहड़ी के महत्व पर प्रकाश डाला। वाहेगुरु दा खालसा और वाहेगुरु जी फतेह के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। गुरुद्वारे और आसपास के क्षेत्र को भव्य रोशनी से सजाया गया। शहर की पंजाबी बस्तियों जैसे नेहरु नगर कॉलोनी, पंजाबी क्वार्टर, रामनगर कॉलोनी और हीरालाल क्वार्टर में उत्सव का विशेष माहौल देखने को मिला। शाम 7 बजे से घरों में लोहड़ी जलाने की परंपरा शुरू हुई। नवजात शिशुओं और नव विवाहित जोड़ों के घरों में विशेष उत्सव का माहौल था।महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी गीत गाकर इस पर्व की शोभा बढ़ाई। कहीं डीजे की धुन पर तो कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। कई घरों में पड़ोसियों और रिश्तेदारों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया, जहां स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ लोहड़ी की बधाइयां साझा की गईं। हर आयु वर्ग के लोग – बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने इस पारंपरिक त्योहार का आनंद लिया।













