
हाथरस 13 जनवरी । हाथरस के मुरसान क्षेत्र स्थित खुटीपुरी गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। इस मामले में मुरसान पुलिस ने दोनों पक्षों के 6 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 9 जनवरी 2026 की रात को हुई थी, जब दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और पथराव किया गया। प्रथम पक्ष के अनिल कुमार पुत्र रामेश्वर सिंह, निवासी खुटीपुरी, मुरसान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे सुभाष पुत्र सुखवीर (निवासी दिल्ली), दीपक पुत्र सुभाष (निवासी दिल्ली) और 5-6 अज्ञात लोगों ने उनके घर पर लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला किया। इस हमले में अनिल और उनके परिवारजनों को गंभीर चोटें आईं। अनिल कुमार के अनुसार, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि उन्होंने जिस मकान का निर्माण किया है, उसे आरोपी पक्ष के लोग अपना खरीदा हुआ बता रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की महिला मंदाकिनी पत्नी सुभाष, निवासी जे.जे. कॉलोनी, वजीरपुर, थाना भारतनगर (अशोक विहार), नई दिल्ली ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ खुटीपुरी गांव आई थीं। 9 जनवरी 2026 को वीरपाल, सुनील और दीपेश ने मिलकर उनके और उनके साथ काम करने वाले लड़के नुरैन के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को काफी चोटें आईं। मंदाकिनी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और ईंट-पत्थर फेंकने से उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं और उनके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

















