
हाथरस 13 जनवरी । मकर संक्रांति मौसम बदलने, नई फसलों के आने और प्रकृति में नई ऊर्जा के संचार का प्रतीक है। जब सूर्य उत्तरायण होता है, तब मकर संक्रांति मनाई जाती है। मकर संक्रांति हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ और लाभकारी पर्व माना जाता है। यह त्योहार उस दिन मनाया जाता है जब ग्रहों के राजा धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। हर साल यह पर्व 14 या 15 जनवरी को मनाया जाता है। इस वर्ष मकर संक्रांति 14 और 15 जनवरी को मनाई जाएगी। मान्यता है कि इस दिन दान और स्नान का विशेष महत्व है और दान करने से जीवन में शुभता, समृद्धि और बरकत आती है। मकर संक्रांति पर दान का महत्व है। इस दिन लोग तिल-गुड़ और खिचड़ी का दान करते हैं। सुबह सूर्योंदय के समय उठकर गंगा स्नान करके सूर्य को जल दिया जाता है और दान का संकल्प लेकर ये पर्व मनाया जाता है।
मकर संक्रांति पर इन चीजों का दान करना शुभ माना गया है
-
खिचड़ी का दान – खासकर काली उड़द का दान सुख-समृद्धि बढ़ाता है और धन-धान्य में वृद्धि करता है।
-
गुड़ का दान – खिचड़ी पर्व पर गुड़ का दान सूर्य ग्रह को मजबूत बनाता है, आत्मविश्वास बढ़ाता है और भाग्य शुभ होता है।
-
काले तिल का दान – जल में काले तिल डालकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने से आशीर्वाद मिलता है और शनिदेव भी प्रसन्न होते हैं।
-
गर्म वस्त्रों का दान – जरूरतमंद को गर्म वस्त्र या कंबल दान करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
-
घी का दान – घी का दान आर्थिक उन्नति और खुशहाली लाता है।
इस प्रकार मकर संक्रांति पर इन चीजों का दान कर पुण्य, समृद्धि और खुशहाली प्राप्त की जा सकती है।

















