
हाथरस 12 जनवरी । राष्ट्रीय युवा दिवस पर भारत मंडपम, प्रगति मैदान, दिल्ली में आयोजित 53 वे विश्व पुस्तक मेले में युवा साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता डॉ. मोहन मुरारी शर्मा अध्यक्ष विश्व साहित्य सेवा ट्रस्ट ने की। नौ दिवसीय इस मेले में 35 से अधिक देशों के एक हजार से अधिक प्रकाशक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में डॉ.पुष्पेंद्र सिंह जिला स्काउट मास्टर हाथरस एवं डॉ. सतना सिंह जिला गाइड कैप्टन हाथरस द्वारा संपादित पुस्तक “स्काउटिंग – आत्म विकास से राष्ट्र विकास तक” के बेस्ट सेलर होने पर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ. सतना सिंह को “ऑथर ऑफ़ द इवेंट वर्ल्ड वर्ल्ड बुक फेयर 2026” से अलंकृत कर दोनों को एक-एक लाख की सम्मान निधि से सम्मानित किया गया। इस पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ में भारत स्काउट एवं गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ.के के खंडेलवाल ने किया था। महामहिम हरिभाऊ किशन राव बांगड़े जी राज्यपाल राजस्थान ने भी इस पुस्तक की सराहना की है। शिक्षा मंत्री श्री प्रधान ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का वाहक हैं जो पीढ़ियों को जोड़ने के साथ ही सभ्यताओं की स्मृतियों को संजोती हैं और समाज को दिशा देती हैं। उन्होंने नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले को देश की पठन संस्कृति का सबसे बड़ा सार्वजनिक उत्सव बताया। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ सतना सिंह को सम्मानित होने पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त कविता पांडे, जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह, आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश कुमार गौतम, राज्य पुरस्कृत कुंवर पाल गौतम आदि ने बधाई दी।



















