
हाथरस 09 जनवरी। नगर की वाटर वर्क्स कॉलोनी में आज एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यहां गैस गीजर से निकली गैस के कारण बाथरूम में नहाते समय एक युवक बेहोश हो गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाटर वर्क्स कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय पुनीत कुमार पुत्र शिव कुमार शुक्रवार को अपने बाथरूम में नहाने गया था। उसने गर्म पानी के लिए गैस गीजर चालू किया हुआ था। इसी दौरान गैस गीजर से निकली गैस के प्रभाव से पुनीत बाथरूम के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। काफी देर तक अंदर से कोई हलचल न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर पुनीत को बाहर निकाला। गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल है। यह हादसा गैस गीजर के प्रयोग में सावधानी बरतने की एक बार फिर चेतावनी देता है।



















