
सासनी 06 जनवरी । बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा के बाद अब देशभक्ति गायन को लेकर चर्चाओं में रहने वाली प्रसिद्ध सनातनी गायिका कवि सिंह हिंदू जन जागृति पदयात्रा पर निकली हुई हैं। यह पदयात्रा उत्तराखंड के हरिद्वार से प्रारंभ होकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा तक जा रही है। इस दौरान सासनी पहुँचने पर हिंदुत्ववादी गायिका कवि सिंह का जगह-जगह उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विभिन्न संगठनों और दलों के कार्यकर्ताओं ने कवि सिंह को फूलमालाओं से लादकर एवं जय श्री राम के नारे लगाकर सम्मानित किया। कवि सिंह ने कहा कि वे भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और गौ माता को माता का दर्जा दिलाने के लिए यह दूसरी पदयात्रा कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सांस चलती रहेगी, वे देशभर में ऐसे पदयात्रा करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह धरती वीर सपूतों की है, न कि किसी बाबर टावर की। जैसे हमारे पूर्वजों ने मुगल साम्राज्य को समाप्त किया, उसी तरह वे भी हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। इस अवसर पर बजरंग दल के मोहित बजरंगी ने कोतवाली चौराहे पर बहन कवि सिंह को फूलमाला पहनाकर भगवा कलर में सजाकर जोशीला स्वागत किया। पदयात्रा 10 जनवरी को मथुरा ब्रजभूमि पहुंचकर समापन करेगी। मूलतः हरियाणा के रोहतक की निवासी कवि सिंह के मन में देश के लिए हिंदू राष्ट्र स्थापित करने का जोश देखा जा रहा है।




















