
हाथरस 06 जनवरी । विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत संगीला में क्षेत्र पंचायत निधि से कराए जा रहे सीसी टाइल्स सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय का फूलमालाएं पहनाकर, पगड़ी व पीतांबर ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से उनके बड़े भाई, माननीय स्व. श्री रामवीर उपाध्याय जी ने जनपद के प्रत्येक गांव में सर्व समाज के हित में विद्युतीकरण, नाली, सड़क, खरंजा, सामुदायिक केंद्र, बारातघर एवं हैंडपंप जैसे अनेक विकास कार्य कराए। उन्होंने कहा कि जो भी विकास कार्य अभी शेष हैं, उन्हें जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत की निधि से शीघ्र ही पूर्ण कराया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रूपेश चौधरी, रवि शर्मा, भिक्की उपाध्याय, श्याम उपाध्याय, बंटी शर्मा, बंटू उपाध्याय, कन्हैया शर्मा, कपिल उपाध्याय, रमाकांत उपाध्याय, अशोक बोहरे, रिंकू शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, ललतेश शर्मा, मूलचंद्र शर्मा, रामचरन ठाकुर, राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




















