
हाथरस 06 जनवरी । सामाजिक कार्यकर्ता श्रुति मिश्र के संयोजकत्व में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज यातायात जागरूकता से संबंधित स्टीकर का विमोचन जिले के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अभियान संयोजक श्रुति मिश्र ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण को स्मृति स्वरूप तस्वीर भेंट की, वहीं पर्यावरणविद भवतोष मिश्र ने दुपट्टा पहनाकर दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया। यातायात जागरूकता स्टीकरों पर सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा से जुड़े प्रभावशाली संदेश अंकित हैं, जिनमें “सिर सलामत रखना है तो हेलमेट पहन कर चलना है”, “पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं, तब वाहन चलाएं”, “नशा नाश की निशानी है, नशे में गाड़ी नहीं चलानी है”, “जब गाड़ी चलाना, मत मोबाइल पर बतियाना”, “आओ अपना फर्ज निभाएं, घायल को अस्पताल पहुंचाएं”, “वाहन न चलाओ तेज रफ्तार, परिजन कर रहे हैं इंतजार” जैसे स्लोगन प्रमुख हैं। इसके साथ ही स्टीकरों पर अनावश्यक हॉर्न न बजाएं, दोपहिया वाहन पर दो सवारी, सीट बेल्ट लगाएं, गलत दिशा में न चलें, अपनी कतार में चलें, स्टंट न करें जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों से संबंधित संदेश भी अंकित किए गए हैं। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।




















