सादाबाद 05 जनवरी । आज सुबह गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंजौली के गांव कल्हू स्थित अस्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गौशाला में गायों की दयनीय स्थिति और कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें गायों के कंकाल मिलना भी शामिल है।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में चारे की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। चारों ओर गंदगी फैली हुई थी और गायों के बैठने के लिए उचित स्थान नहीं था। चारे के स्थान पर मिट्टी में सड़े हुए आलू पड़े मिले और कई गायें कमजोर अवस्था में बिना सहारे के थीं। गौशाला में तिरपाल भी फटा हुआ था। जिससे गायों को धूप और बारिश से बचाने का कोई इंतजाम नहीं था। गायों की दुर्दशा और जगह-जगह मिट्टी में दबे गायों के कंकाल मिलने पर रमाकांत उपाध्याय ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके से ही जिले के अधिकारियों को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और तत्काल उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस संबंध में बीडीओ सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोग सदस्य की शिकायत मिलते ही गौशाला में पाई गई कमियों को दूर किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शाम तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी।


















