सादाबाद 05 जनवरी । मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने सुबह सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीडीओ के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लेबर वार्ड, प्रेरणा कैंटीन, रैन बसेरा, ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का गहन अवलोकन किया। उन्होंने लेबर वार्ड में प्रसव संबंधी सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति की जांच की। ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों की संख्या, उपचार प्रक्रिया और चिकित्सकीय संसाधनों की स्थिति को भी बारीकी से देखा गया। सीडीओ पीएन दीक्षित ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बात की। उन्होंने इलाज, दवाइयों और कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया। अधिकांश मरीजों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया, हालांकि कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी कमियां भी सामने आईं। इन कमियों पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। प्रेरणा कैंटीन और रैन बसेरा में साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के अंत में सीडीओ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कुल मिलाकर व्यवस्थाएं ठीक-ठाक मिलने पर संतोष व्यक्त किया। सीडीओ पीएन दीक्षित ने बताया, “सादाबाद सीएचसी का औचक निरीक्षण किया गया है। अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। जहां कुछ कमियां नजर आईं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं। हमारा उद्देश्य है कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


















