हाथरस में पसरट्टा बाजार स्थित पार्टी कार्यालय पर कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया

हाथरस 28 दिसंबर । पसरट्टा बाजार स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला एवं शहर कमेटी के संयुक्त सत्तावधान में कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुई, इसके पश्चात विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में देशभक्तों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए पार्टी और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश सचिव पं. ब्रह्मदेव शर्मा एवं पूर्व पीसीसी सदस्य अशोक गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विश्व की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक है, जिसका इतिहास त्याग, संघर्ष और बलिदान से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा विकासशील राष्ट्रों में अग्रणी है, जो कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों का परिणाम है। जहां कभी भारत में सुई तक नहीं बनती थी, आज देश परमाणु शक्ति सम्पन्न है। हरित क्रांति, दूरसंचार क्रांति और इलेक्ट्रॉनिक क्रांति कांग्रेस की ही देन हैं। कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करने वाली पार्टी है। कार्यक्रम में मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल, उपाध्यक्ष जैनुद्दीन जैन, ठाकुर कपिल सिंह, कृष्ण कुमार एडवोकेट, गोविंद चतुर्वेदी, सत्य प्रकाश रंगीला, कन्हैया लाल शर्मा, डॉ. प्रमोद कुमार, देवेंद्र शर्मा, हरिशंकर शर्मा, धर्मेंद्र गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष की भतीजी एवं जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष गिर्राज किशोर घी वालों के आकस्मिक निधन तथा जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा की बड़ी बहन श्रीमती मीना शर्मा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की गईं।















