
हाथरस 24 दिसंबर । श्री ब्राह्मण महासभा हाथरस उत्तर प्रदेश की आमसभा में नव संवत 2083, चैत्र शुक्ल पक्ष में निकलने वाली भगवान परशुराम की 48वीं भव्य शोभायात्रा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आगामी 20 मार्च (शुक्रवार) को प्रस्तावित शोभायात्रा के सफल आयोजन हेतु योगेंद्र शर्मा ‘योग पंडित’ को सर्वसम्मति से शोभायात्रा समिति का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने पर योगेंद्र शर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत कर पीत पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर भगवान परशुराम के जयकारों से सभा स्थल गूंज उठा। सर्वप्रथम ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ से उन्हें आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आशीर्वाद स्वरूप श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा की ओर से उन्हें पीत पटिका प्रदान की गई। इसके पश्चात देव स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ द्वारा पं. किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान (रजि.), हाथरस की ओर से योगेंद्र शर्मा को पीत पटिका पहनाकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष चयन के उपरांत नगर ब्राह्मण समाज द्वारा पंडित योगेंद्र शर्मा का भगवान परशुराम के जयघोष, फूल-माल्यार्पण एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। सभा में उपस्थित ब्राह्मण समाज के लोगों ने शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया।













